
नई दिल्ली: बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल में भारत ने दूसरे दिन अपना खाता खोल लिया है। बता दें कि 55 किग्रा संकेत सरगर ने सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है। 55 किग्रा की कैटेगरी में संकेत ने कुल 248 किग्रा भार उठाकर सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। संकेत सरगर ने पहले राउंड यानी स्नैच में बेस्ट 113 KG भार उठाया था। इसके बाद दूसरे राउंड यानी क्लीन एंड जर्क में 135 KG भार उठाकर मेडल अपने नाम किया। अब संकेत पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण जीतना चाहते हैं।
सिल्वर मेडल पर कब्जा करने वाला संकेत महाराष्ट्र के सांगली का रहने वाला है। संकेत महादेव सरगर एक समय पर अपने पिता की पान की दुकान पर काम करते थे और उनका सपना केवल इतना सा था कि वो अपने पिता को दुकान पर भागदौड़ करना छोड़कर आराम करते देख सकें। 21 साल के संकेत कोल्हापुर के शिवाजी यूनिवर्सिटी में इतिहास के छात्र हैं। वह खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2020 और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2020 में भी चैम्पियन रहे थे। संकेत 55 किग्रा वर्ग में राष्ट्रीय रिकॉर्ड (कुल 256 किलो) भी रखते हैं।
संकेत ने पिछले साल पटियाला में हुए प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान दर्ज किया। साथ ही संकेत महादेव सागर ताशकंद में आयोजित 2021 राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रहे थे। इसके जरिए सरगर ने बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भी क्वालिफाई किया। पोडियम पर टॉप रहने के साथ संकेत महादेव ने 113 किग्रा भार उठाकर स्नैच में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था। संकेत कॉमनवेल्थ 2022 में भाग ले रहे सबसे युवा भारतीय भारोत्तोलकों में से एक हैं।
Leave a comment