
Firing Incident In Patna: बिहार में अपराधियों का मनोबल चरम पर है। पिछले कुछ हफ्तों में सूबे में अपराधिक घटनाओं में इजाफा देखने को मिला है, जिससे पुलिस के क्रियाकलापों पर गंभीर सवाल खड़ा हुआ है। इस बीच राजधानी पटना से एक दिल दहलाने वाली घटना फिर सामने आई है। पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित न्यू आरफाबाद कॉलोनी के जटाही मंदिर के पास एक ही परिवार के तीन लोगों को गोलियों से भून दिया गया। इस हमले में मां और बेटी की मौत हो गई। वहीं, घायल पिता को NMCH में भर्ती किया गया है। तीनों की पहचान रिटायर्ड नर्स महालक्ष्मी, उनके पति धनंजय मेहता और 19 वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पुलिस ने मौके से चार खोखा और एक चाकू बरामद की है। साथ ही अपराधियों को पकड़ने में जुट गई है।
जांच में जुटी पुलिस
इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में चुट गई है। घटनास्थल से पुलिस ने गोलियों के खोखे और चाकू भी बरामद किया है। साथ ही इलाके में लगी तमाम CCTV को भी खंगाला जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण नहीं बताया है। लेकिन जमीन विवाद से जुड़ा ये मामला लग रहा है। इस घटना पर पटना सिटी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी अतुलेश झा ने बताया कि घटना के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मोहल्ले में चल रहे आपसी विवाद की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता चल सके।
बिहार में आपराधिक मामलों में इजाफा
गौरतलब है कि बीते दिनों में बिहार के अलग-अलग हिस्सों में आपराधिक मामलों में बढ़ोत्तरी देखी गई है। राजधानी पटना में ही कुछ दिनों पहले कुछ नकाबपोश बदमाशों ने हवाई फायरिंग की थी। इसके अलावा मुजफ्फरपुर में नाबालिग के साथ रेप और फिर हत्या ने भी सबका ध्यान उस ओर खींचा था। इस मामले में प्रशासनिक लापरवाही पर भी सवाल उठे थे। सोमवार को ही मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने महिला के गले से चेन खींचने की कोशिश की, जिसमें महिला बुरी तरह घायल हो गई। इससे पहले साऱण में दो व्यपारियों की गोली मार कर हत्या कर दी थी। चुनावी साल में जिस तरह आपराधिक मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है, उससे विपक्ष भी सरकार पर हमलावर नजर आ रही हैं।
Leave a comment