Bihar News: डिस्लेक्सिया जागरूकता माह के अवसर पर बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने लोगों को विशिष्ट अधिगम अक्षमताओं के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष पहल की। रविवार शाम पटना के पांच प्रमुख सरकारी भवनों को लाल रोशनी से रोशन किया गया। इस पहल का उद्देश्य डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना और समाज में समावेशी सोच को प्रोत्साहित करना है।
भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार के अनुसार, रविवार शाम 7 बजे से रात 8 बजे तक पटना के पांच प्रमुख सरकारी भवनों को लाल रोशनी से रोशन किया गया। इनमें बापू टावर, बिहार विधान मंडल, पुराना सचिवालय, विकास भवन और विश्वेश्वरैया भवन शामिल हैं। इस पहल के माध्यम से डिस्लेक्सिया से प्रभावित लोगों के प्रति समझ, संवेदनशीलता और सहयोग का संदेश दिया गया।
क्या है डिस्लेक्सिया और इससे क्या परेशानी होती है?
डिस्लेक्सिया एक विशिष्ट अधिगम अक्षमता है, जिसमें व्यक्ति को पढ़ने, लिखने और शब्दों की वर्तनी समझने में कठिनाई हो सकती है। हालांकि, इसका संबंध बुद्धिमत्ता, प्रतिभा या किसी व्यक्ति की क्षमता में कमी से नहीं है। सही समय पर पहचान, उचित शैक्षणिक सहयोग और अनुकूल वातावरण मिलने पर डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चे अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का बेहतर विकास कर सकते हैं।
समावेशी समाज के निर्माण का संदेश
भवन निर्माण विभाग की इस पहल का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि प्रत्येक बच्चे के सीखने का तरीका अलग हो सकता है। सीखने में आने वाली कठिनाइयों के आधार पर बच्चों को किसी तरह का नकारात्मक लेबल देने के बजाय उन्हें प्रोत्साहन और सहयोग दिया जाना चाहिए।
इस पहल के जरिए समाज में विशिष्ट अधिगम अक्षमताओं (Specific Learning Disabilities-SLD) के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास किया गया। साथ ही, यह संदेश भी दिया गया कि हर बच्चे को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।
बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की यह पहल डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ एक ऐसे समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देती है, जहां सीखने के विभिन्न तरीकों को स्वीकार किया जाए और प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के लिए उचित सहयोग मिले।