'बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया ब्लॉक साझा घोषणापत्र के साथ लड़ेगा', अररिया में राहुल गांधी का बड़ा बयान

'बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया ब्लॉक साझा घोषणापत्र के साथ लड़ेगा', अररिया में राहुल गांधी का बड़ा बयान

India Alliance Joint Manifesto: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी अपनी 'वोटर अधिकार यात्रा' के तहत अररिया पहुंच चुके है। इसी बीच, विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने एक साझा घोषणापत्र जारी करने की घोषणा की है। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अररिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा 'इंडिया गठबंधन जल्द ही बिहार विधानसभा चुनावों के लिए एक साझा घोषणापत्र जारी करेगा। विपक्षी गठबंधन के सभी घटक वैचारिक और राजनीतिक रूप से एकजुट होकर काम कर रहे हैं और परिणाम फलदायी होंगे।'

साझा घोषणापत्र की घोषणा

राहुल गांधी ने अररिया में 'वोटर अधिकार यात्रा' के तहत जनता को संबोधित किया। जहां उन्होंने कहा 'इंडिया ब्लॉक एक साझा घोषणापत्र लाएगा, जिसमें बिहार के लोगों की जरूरतों और आकांक्षाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। हमारा लक्ष्य रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर ठोस वादे करना है।' इस घोषणापत्र के जरिए इंडिया ब्लॉक बिहार के युवाओं, किसानों और अल्पसंख्यक समुदायों को लुभाने की कोशिश करेगा।

बता दें, 'वोटर अधिकार यात्रा' का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ लोगों को जागरूक करना और मतदाता सूची में कथित हेरफेर के मुद्दे को उठाना है। राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से लाखों मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उनके अनुसार, यह प्रक्रिया लोकतंत्र और संविधान पर हमला है।

क्या है विपक्ष की रणनीति?

मालूम हो कि इंडिया ब्लॉक में कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और अन्य विपक्षी दल शामिल हैं। जिसने इस बार एकजुट होकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। साझा घोषणापत्र का ऐलान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सूत्रों की मानें तो यह घोषणापत्र बिहार की स्थानीय समस्याओं जैसे बेरोजगारी, शिक्षा, बाढ़ प्रबंधन, और कानून-व्यवस्था पर केंद्रित होगा। इसके अलावा, सामाजिक न्याय और जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए दलित, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदायों के लिए विशेष योजनाओं का वादा किया जा सकता है।  

Leave a comment