
Bihar By Election Results 2024: बिहार की चार विधानसभा सीटों रामगढ़, तरारी, इमामगंज और बेलागंज में हो रहे उपचुनाव की मतगणना में NDA की बढ़त साफ नजर आ रही है। वहीं RJD और महागठबंधन के उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं। इस बीच, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है।
तरारी में BJP की ऐतिहासिक जीत, अन्य सीटों पर भी NDA का दबदबा
अब तक के रुझानों के अनुसार, तरारी सीट पर BJPने पहली बार जीत हासिल की है, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। अन्य तीन सीटों रामगढ़, इमामगंज और बेलागंज पर भी NDA के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। रामगढ़ में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के उम्मीदवार सतीश यादव ने शुरुआत में बढ़त बनाई, लेकिन बाद में BJPके अशोक सिंह ने बढ़त ले ली। इमामगंज में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) की दीपा मांझी पहले स्थान पर हैं, जबकि RJD के रौशन मांझी दूसरे नंबर पर हैं। बेलागंज में जेडीयू की उम्मीदवार मनोरमा देवी ने बढ़त बनाई है, जबकि RJD सांसद सुरेंद्र यादव के बेटे विश्वनाथ यादव दूसरे स्थान पर हैं।
क्या प्रशांत किशोर ने RJD को नुकसान पहुंचाया?
बिहार चुनाव में प्रशांत किशोर की भूमिका को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। चुनावी नतीजों को देखते हुए यह माना जा रहा है कि प्रशांत किशोर ने RJD के वोट को काटने का काम किया है। उन्होंने इमामगंज, बेलागंज, तरारी और रामगढ़ में अपने उम्मीदवार उतारे थे। 11बजे तक के रुझानों में उनकी पार्टी चारों सीटों पर तीसरे नंबर पर नजर आ रही है।
प्रशांत किशोर का जलवा उपचुनाव में नजर नहीं आ रहा है। सभी चारों सीटों पर उनकी पार्टी तीसरे नंबर पर चल रही है। हालांकि, इमामगंज में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार जितेंद्र पासवान तीसरे नंबर पर होते हुए भी टक्कर दे रहे हैं। अन्य सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार काफी पीछे हैं। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि प्रशांत किशोर ने बिहार चुनाव में वोटों को काटने का काम किया है।
Leave a comment