Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव भांभोली अड्डे के पास दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। अमृतसर के एक स्वर्णकार से दो नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने बंदूक और चाकू के बल पर करीब डेढ़ किलो सोना लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने सुनार पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया और सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ऑल बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुनील वेद ने बताया कि घायल जयपाल सिंह भाऊ, अमृतसर के वार्ड नंबर-42 के निवासी हैं और वर्षों से यमुनानगर के ज्वेलर्स के साथ व्यापार करते आ रहे हैं। उनके पिता स्वर्गीय सतपाल सिंह भी पिछले करीब 40 वर्षों से यमुनानगर में व्यापार करते थे। उन्होंने बताया कि जयपाल सिंह फिलहाल खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद ज्वेलर्स एवं बुलियन एसोसिएशन के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा लूटे गए सोने की बरामदगी की मांग की।
Also read: Haryana News: ‘पंजाब के CM बताएं कितनी घोषणाएं पूरी हुई’, सीएम नायब सिंह सैनी का बड़ा सवाल
वहीं थाना छप्पर के जांच अधिकारी अजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि जयपाल सिंह बीते दिन यमुनानगर में ज्वेलर्स को सोना देने आए थे। शुक्रवार को एक अन्य ज्वेलर के बुलाने पर वह अपनी होंडा सिटी कार से जा रहे थे। इसी दौरान गांव भांभोली के पास दो नकाबपोश मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी कार रुकवाई, शीशा तोड़ा, चाकू से हमला कर उन्हें घायल किया और सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार लूटे गए सोने की सटीक मात्रा और कीमत की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए नाकाबंदी कर दी गई है।