Kanpur Hallet Hospital: कानपुर के सबसे बड़े और नामी सरकारी अस्पताल हैलेट में इलाज के नाम पर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां सड़क हादसे में घायल हुए एक मरीज के टूटे हाथ पर प्लास्टर चढ़ाने की जगह कागज का गत्ता बांध दिया गया। दर्द से तड़पते मरीज को बिना एक्सरे और बिना सही इलाज के ही इमरजेंसी से वापस भेज दिया गया। मामला सामने आने के बाद अब अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर (शॉप नंबर-15) निवासी धरम बाबू गुप्ता मंडी से गन्ना लेने जा रहे थे। रास्ते में अचानक ई-रिक्शा पलट गया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर उन्हें हैलेट अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।पीड़ित का आरोप है कि इमरजेंसी में पहुंचने के बाद भी उसे सही इलाज नहीं मिला। हाथ टूटा होने के बावजूद डॉक्टरों ने ना तो एक्सरे कराया और ना ही प्लास्टर चढ़ाया। दर्द से कराहते मरीज के हाथ पर बस एक कागज का गत्ता रखकर ऊपर से पट्टी बांध दी गई और उसे चलता कर दिया गया।
Also read: मां के निधन के बाद चर्चा में आया CM योगी का परिवार, जानिए कितने भाई-बहन और कहां है पैतृक गांव
स्थानीय लोगों ने की मदद
तेज दर्द और आर्थिक तंगी के चलते मरीज इधर-उधर भटकता रहा। उसकी लाचारी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया। लोगों ने चंदा इकट्ठा कर बेहतर इलाज के लिए उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका सही तरीके से इलाज शुरू हो सका।
वीडियो वायरल होने पर जागा प्रशासन
यह पूरा मामला जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। हैलेट अस्पताल के हड्डी विभाग के इंचार्ज डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।वहीं, इस घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों में अस्पताल की व्यवस्था को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिस अस्पताल पर गरीब और जरूरतमंद मरीज भरोसा करते हैं, वहां अगर इस तरह की लापरवाही होगी तो मरीज कहां जाएंगे।