Bangladesh Violence: बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। नरेल जिले के एक गांव में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर जमकर बवाल हुआ। करीब 30 घरों को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि कई दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट की गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
घटना कालिया उपजिला के बेंदारचर गांव की
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कालिया उपजिला के बेंदारचर गांव की है। शुक्रवार दोपहर से देर रात तक गांव में हिंसा चलती रही। हमले में पूर्व सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति, पूर्व मेयर मुशफिकुर रहमान लिटन और स्थानीय महासचिव कृष्णपदा घोष के घरों को निशाना बनाया गया। रात करीब 8 बजे जब दमकल की टीम गांव पहुंची, तो 20 से 30 घरों में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सत्ताधारी पार्टी बीएनपी के समर्थकों ने करीब 50 घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की, लूटपाट की और आग लगा दी।