Arijit Singh India Tour 2027: गायक अरिजीत सिंह साल 2027 में अपने शानदार संगीत करियर के दो दशक पूरे होने के मौके पर एक भव्य भारत दौरे पर निकलने जा रहे हैं। ‘अरिजीत सिंह इंडिया टूर 2027’ नाम से होने वाली यह बहु-शहरी कॉन्सर्ट सीरीज जनवरी से मई 2027 के बीच देश के नौ शहरों में आयोजित की जाएगी।
टीम इनोवेशन द्वारा निर्मित और प्रचारित इस टूर के तहत अरिजीत सिंह अहमदाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, नई दिल्ली, पुणे, इंदौर और हैदराबाद में स्टेडियम स्तर के कॉन्सर्ट करेंगे। दौरे की शुरुआत 9 जनवरी 2027 को अहमदाबाद से होगी और अंतिम कार्यक्रम 15 मई 2027 को हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा।
इन तारीखों पर होंगे कॉन्सर्ट
- 9 जनवरी 2027 – अहमदाबाद
- 23 जनवरी 2027 – चंडीगढ़
- 7 फरवरी 2027 – जयपुर
- 20 फरवरी 2027 – मुंबई
- 13 मार्च 2027 – बेंगलुरु
- 27 मार्च 2027 – नई दिल्ली
- 10 अप्रैल 2027 – पुणे
- 1 मई 2027 – इंदौर
- 15 मई 2027 – हैदराबाद
खास होगा कॉन्सर्ट का प्रोडक्शन
आयोजकों के मुताबिक, इन कॉन्सर्ट्स को एक भव्य और प्रभावशाली लाइव अनुभव के तौर पर तैयार किया जा रहा है। इसके लिए एक विशेष बहुस्तरीय मंच बनाया जाएगा, जिसमें विस्तारित रनवे भी शामिल होगा। इससे अरिजीत सिंह दर्शकों के बीच तक पहुंच सकेंगे और स्टेडियम के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद लोगों को उन्हें करीब से देखने का मौका मिलेगा।
कॉन्सर्ट के प्रोडक्शन में 360-डिग्री स्पेशियल ऑडियो, काइनेटिक LED फिक्स्चर, पैनोरमिक स्क्रीन, लेजर एरे और स्टेडियम-स्तरीय आतिशबाजी का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य दर्शकों को एक व्यापक दृश्य और ध्वनि अनुभव देना है।
10 अक्टूबर से प्री-सेल, 13 अक्टूबर से आम बिक्री
‘कोटक सॉलिटेयर प्रस्तुत अरिजीत सिंह इंडिया टूर 2027’ के टिकट केवल थम्पएन के माध्यम से उपलब्ध होंगे। टिकटों की प्री-सेल 10 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आम बिक्री 13 अक्टूबर 2026 से शुरू की जाएगी।
20 साल के सफर पर अरिजीत ने जताया आभार
अपने आगामी भारत दौरे को लेकर अरिजीत सिंह ने संगीत की दुनिया में 20 साल पूरे करने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का सबसे बड़ा हिस्सा वे श्रोता रहे हैं, जिन्होंने उनके गानों को एक नई पहचान दी।
अरिजीत ने कहा कि वह पूरे भारत की यात्रा करने और मंच पर लाइव अपने श्रोताओं का प्यार महसूस करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास सुनाने के लिए बहुत सारे गाने, साझा करने के लिए बहुत सारी यादें और मिलने के लिए अभी बहुत से लोग बाकी हैं।