PM Modi Lashesh Out On Congress:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की 'मोदी का बाप भी जाएगा' वाली टिप्पणी के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह जीवन के अंतिम क्षण तक देश की जनता की सेवा में जुटे रहेंगे। पीएम मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उनका यह बयान खरगे की विवादित टिप्पणी के कुछ दिनों बाद आया है।
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 25 अक्टूबर को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने जब कहा कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे, तो खरगे ने जवाब में कहा था कि 'मोदी का बाप भी जाएगा'। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। बीजेपी नेताओं ने खरगे की टिप्पणी की आलोचना की थी, जबकि कांग्रेस ने उनके बयान का बचाव किया था।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें देश पर संकट आने पर खुशी होती है। उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष ने खाद और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों के बीच अफवाहें फैलाने की कोशिश की, ताकि सरकार को बदनाम किया जा सके।पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच उर्वरकों की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन उनकी सरकार ने इसका अतिरिक्त बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण और उन्हें सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
14 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी में 'भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 14,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। उन्होंने पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को दी गई आर्थिक सहायता का जिक्र करते हुए बताया कि छोटे किसानों को अब तक 4.5 लाख करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
Also read: Political News: ‘लोकतंत्र की रक्षा के लिए साथ चलेंगे’, राहुल गांधी ने 1 नवंबर के मार्च के लिए भरी हुंकार