AI Se Naukri Khatra: AI अब सिर्फ टेक्नोलॉजी तक नहीं रह गया है। बैंकिंग, फाइनेंस, मीडिया, IT और कॉरपोरेट - हर जगह कंपनियां इसका इस्तेमाल कर रही हैं। जो काम पहले कर्मचारी घंटों में करते थे, अब AI मिनटों में कर दे रहा है। लेकिन इसी के साथ नौकरीपेशा लोगों की टेंशन भी बढ़ गई है।JP Morgan Wealth Management की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 5 सालों में दुनियाभर में करीब 2.4 करोड़ नॉलेज वर्कर्स की नौकरियों पर AI का असर पड़ सकता है। इसका मतलब ये नहीं है कि इतने लोगों को सीधे नौकरी से निकाल दिया जाएगा। कंपनियां नई भर्तियां कम करेंगी और पुराने कर्मचारियों के कई काम AI से करवाएंगी।
हर साल कितनी नौकरियों पर पड़ेगा असर?
रिपोर्ट का अनुमान है कि अगले 5 सालों में हर साल दुनिया के करीब 1.3% नॉलेज वर्कफोर्स पर AI का असर पड़ेगा। कैलकुलेशन ये मानकर किया गया है कि कंपनियां AI पर होने वाले खर्च का आधा हिस्सा उन कामों पर लगाएंगी, जो पहले कर्मचारी करते थे। और AI से काम कराने की लागत, कर्मचारी की लागत से करीब आधी होगी।रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि सबसे बड़ा असर छंटनी से नहीं, बल्कि नई हायरिंग रुकने से होगा। यानी खाली पदों पर नया आदमी नहीं आएगा, उसकी जगह AI टूल काम करेगा।
अमेरिका में 1.6 करोड़ कर्मचारियों पर खतरा
सबसे ज्यादा मार अमेरिका पर पड़ सकती है। अनुमान के मुताबिक, AI से प्रभावित होने वाली करीब दो-तिहाई नौकरियां अमेरिका में होंगी, यानी वहां अगले 5 साल में 1.6 करोड़ कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। हर साल औसतन करीब 30 लाख नौकरियां।ये अमेरिका के कुल पेरोल का करीब 2% सालाना होगा। तुलना करें तो 2000 के दशक में मैन्युफैक्चरिंग में हुई कटौती से ये असर 4 गुना से भी ज्यादा हो सकता है। ये लेवल लगभग अमेरिका की Great Recession के दौरान हुई नौकरी कटौती के करीब पहुंच सकता है। फर्क सिर्फ इतना है कि तब ये 2 साल में हुआ था, अब ये 5 साल में फैलकर होगा।
Also read: ट्रेन में हमेशा मिलेगी लोअर बर्थ! टिकट बुक करते समय बस बदल लें ये 4 सेटिंग्स, नीचे की सीट पक्की
क्या AI पूरी नौकरी खत्म कर देगा?
रिपोर्ट कहती है कि AI पूरी नौकरी नहीं खाएगा, बल्कि नौकरी करने का तरीका बदल देगा। हर नौकरी में कई छोटे-बड़े काम होते हैं। AI उनमें से कुछ काम खुद कर लेगा, कुछ में आपकी मदद करेगा। जैसे बैंकिंग में डेटा एनालिस्ट का काम, रिपोर्ट बनाना, ग्राहकों के सवालों का जवाब देना - ये सब AI कर रहा है। मीडिया में रिसर्च, डेटा प्रोसेसिंग और शुरुआती ड्राफ्ट भी AI से बन रहे हैं। लेकिन फाइनल फैसला, फैक्ट चेक, रणनीति और मुश्किल प्रॉब्लम सुलझाना अभी भी इंसान के ही हाथ में है। इसलिए JP Morgan का मानना है कि नौकरियों का स्वरूप बदलेगा, लेकिन सब खत्म नहीं होंगी।