Srinagar Air Pollution: श्रीनगर का नाम आते ही जेहन में खूबसूरत झीलें, बर्फ से ढके पहाड़ और ठंडी साफ हवाओं की तस्वीर उभरती है, लेकिन इस बार कश्मीर की वादियों से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। श्रीनगर में वायु प्रदूषण का स्तर अचानक बेहद खराब दर्ज किया गया है।
27 नवंबर को दोपहर 12 बजे श्रीनगर का AQI 558 तक पहुंच गया। इस आंकड़े के आधार पर श्रीनगर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बताया गया। वहीं, इसी समय नई दिल्ली का AQI 190 दर्ज किया गया था। हालांकि, सरकारी आंकड़ों में तस्वीर कुछ अलग नजर आई। AQI.in नाम के थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म के अनुसार, 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे श्रीनगर का AQI 558 था, जबकि दिल्ली का AQI 190 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों के मुताबिक श्रीनगर की हवा दिल्ली से कहीं ज्यादा प्रदूषित थी।
पहाड़ों से घिरे श्रीनगर में क्यों बढ़ रहा प्रदूषण?
श्रीनगर की भौगोलिक स्थिति भी प्रदूषण बढ़ने की एक वजह हो सकती है। कश्मीर घाटी में चारों तरफ पहाड़ों से घिरे होने के कारण कुछ मौसमी परिस्थितियों में यहां हवा का प्रवाह कमजोर पड़ जाता है। जब हवा की रफ्तार कम होती है, तो वाहनों, घरों में हीटिंग और दूसरे स्रोतों से निकलने वाले प्रदूषक वातावरण में फैलने के बजाय जमीन के आसपास जमा होने लगते हैं। सर्दियों में तापमान गिरने और हवा की आवाजाही कम होने से यह समस्या और गंभीर हो सकती है।
श्रीनगर में माइनस 2 डिग्री पहुंचा तापमान
एक तरफ श्रीनगर में प्रदूषण का स्तर चर्चा में है, तो दूसरी तरफ कड़ाके की ठंड ने भी दस्तक दे दी है। शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रात में आसमान साफ रहने के कारण आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। कड़ाके की ठंड का असर इतना ज्यादा रहा कि श्रीनगर और घाटी के अन्य इलाकों में खुले में खड़ी गाड़ियों के शीशों और दूसरी सतहों पर पाले की परत जम गई।
Also read: अब आसानी से होगी हाई शुगर-फैट और नमक वाले पैकेट बंद खाने की पहचान, सुप्रीम कोर्ट का FSSAI को निर्देश