Dmk delimitation lok sabha constituencies : लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर देश में चल रही सियासी बहस के बीच DMK ने एक बार फिर अपना स्टैंड क्लियर कर दिया है। DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा है कि परिसीमन पर पार्टी की मांगों में कोई बदलाव नहीं हुआ है और तमिलनाडु के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा। DMK ने साफ किया है कि अगर लोकसभा की सीटें बढ़ाई जाती हैं, तब भी तमिलनाडु की मौजूदा 7.18% हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। स्टालिन के मुताबिक, उनकी पार्टी ने सबसे पहले परिसीमन से होने वाले नुकसान पर आवाज उठाई थी। निष्पक्ष परिसीमन की मांग पर देशभर के नेताओं को एक मंच पर लाने के लिए पहली बैठक भी चेन्नई में ही हुई थी।
दोनों शर्त मानने को तैयार मोदी सरकार
सूत्रों के मुताबिक, DMK की दोनों शर्तों को मोदी सरकार मानने के लिए तैयार है। कैबिनेट बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा। इसके बाद परिसीमन बिल का DMK समर्थन कर देगी। DMK ने कल अपने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में केंद्र को समर्थन करने के फैसले का ऐलान हो सकता है।
परिसीमन पर स्टालिन का कांग्रेस पर निशाना?
स्टालिन ने अपनी मांगें दोहराने के साथ ही विरोधियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए उन लोगों को ‘बेशर्म और एहसान फरामोश’ बताया, जो पद के लिए अपने सिद्धांत छोड़ देते हैं। स्टालिन ने कहा कि मीडिया में फैलाए जा रहे कयास और विरोधियों की टिप्पणियां DMK के रुख को नहीं बदल सकतीं। उनके इस बयान को कांग्रेस पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
DMK की दो बड़ी मांगें क्या हैं?
DMK ने तमिलनाडु विधानसभा में पास प्रस्ताव और Joint Action Committee की बैठक में पास प्रस्तावों का हवाला देते हुए अपनी दो प्रमुख मांगें दोहराई हैं।
पहली मांग:
अगर लोकसभा की सीटें बढ़ाई जाती हैं तो किसी भी हालत में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18% हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। सीटें बढ़ने के बाद भी लोकसभा में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व मौजूदा अनुपात से नीचे नहीं जाना चाहिए।
Also read: AI 5 सालों में खा जाएगा इतने प्रतिशत नौकरियां, रिपोर्ट का बड़ा दावा, ऐसे कर्मचारियों पर पड़ेगा असर
दूसरी मांग:
राज्यों के बीच लोकसभा में संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर तय किया गया था, उसमें अगले 25 सालों तक कोई बदलाव नहीं होना चाहिए। DMK चाहती है कि राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का ये अनुपात अगले ढाई दशक तक बरकरार रहे।
‘न कोई बदलाव, न समझौते का सवाल’
स्टालिन ने अपने बयान में कहा कि वो इन दोनों मांगों पर आज भी कायम हैं और आगे भी रहेंगे। पार्टी ने साफ किया कि उसके रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है और समझौते का कोई सवाल ही नहीं उठता। मीडिया में चल रही अटकलें और विरोधियों की टिप्पणियां उसके रुख को किसी भी तरह प्रभावित नहीं कर सकतीं। DMK ने दोहराया कि तमिलनाडु के हितों की रक्षा करना ही उसकी पहली प्राथमिकता है। पार्टी ने कहा कि वो राज्य के हितों को कभी नहीं छोड़ेगी और अपने घोषित सिद्धांतों से पीछे नहीं हटेगी।