School Theek Karo Abhiyan: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को आम आदमी पार्टी के सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ की शुरुआत की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी इस अभियान के जरिए सरकारी स्कूलों की जमीनी स्थिति लोगों के सामने रखेगी। संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार युवाओं और बच्चों की शिक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब धर्म और जाति के नाम पर राजनीति करके वोट मिल सकते हैं, तो स्कूलों को ठीक करने की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है।
कई जिलों के स्कूलों के वीडियो जारी
AAP के मुताबिक, अभियान के पहले चरण में वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, गोरखपुर, लखनऊ, सीतापुर, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई जिलों के सरकारी स्कूलों के वीडियो सामने लाए गए हैं। संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन वीडियो को दिखाते हुए दावा किया कि कई स्कूलों की इमारतें जर्जर हालत में हैं। कुछ जगहों पर शौचालयों की स्थिति खराब है और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कई स्कूलों के आसपास जलभराव की समस्या दिखाई देती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ स्कूल परिसरों में आवारा जानवरों की मौजूदगी भी देखने को मिली। संजय सिंह ने कहा कि रविवार को भी पार्टी कुछ और स्कूलों के वीडियो जारी करेगी और उनकी स्थिति जनता के सामने रखेगी।
लोगों से वीडियो भेजने की अपील
AAP ने इस अभियान से आम लोगों को जोड़ने के लिए हेल्पलाइन नंबर 838292809 जारी किया है। पार्टी के मुताबिक, लोग अपने इलाके के सरकारी स्कूल की स्थिति का वीडियो बनाकर इस नंबर पर भेज सकते हैं। इसके बाद पार्टी के कार्यकर्ता संबंधित व्यक्ति से संपर्क करेंगे और स्कूल की स्थिति की जानकारी जुटाएंगे। संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार से केवल एक मांग है- स्कूल ठीक करो। उन्होंने कहा कि अगर सरकार का दावा है कि प्रदेश के स्कूलों का कायाकल्प किया गया है, तो फिर लोगों को स्कूलों की स्थिति देखने से रोकना उचित नहीं है।
बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी बोले
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय सिंह ने बुलेटप्रूफ जैकेट के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं चाहिए। AAP ने कहा कि ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के जरिए वह सरकारी स्कूलों की समस्याओं को सामने लाकर सरकार से बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने की मांग करेगी।
Also read: Uttar Pradesh News:गोरखपुर में विमान हादसा! फ्लाइट का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया; बुलाना पड़ा दूसरा प्लेन