Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मानसून अभी पूरी तरह नहीं पहुंचा है, लेकिन कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है और अगले दो से तीन दिनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई इलाकों में दस्तक दे सकता है।
दिल्ली के लोगों को मिल सकती है गर्मी से
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। यहां 27 जून और फिर 1 से 2 जुलाई के बीच हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 जून से 2 जुलाई तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 जून से 2 जुलाई के बीच बारिश होने का अनुमान है।
राजस्थान में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदलेगा। पश्चिमी राजस्थान में 27 जून को बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 28 जून से 2 जुलाई तक 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी राजस्थान में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। उत्तराखंड में 30 जून से 2 जुलाई तक बारिश के साथ आंधी, तूफान और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में भी बारिश का दौर जारी
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 27 जून से 2 जुलाई तक बारिश का अनुमान है। वहीं, छत्तीसगढ़ में भी कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। झारखंड और ओडिशा में 28 जून तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में 30 जून से 2 जुलाई के बीच कई इलाकों में बारिश हो सकती है। 27 जून को बिहार और झारखंड में आंधी और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बदल सकता है मौसम का मिजाज
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
Also read: Aaj Ka Rashifal : आज किन राशियों के जातकों का बदलेगा भाग्य ? जाने अपना राशिफल