Today weather 25 August 2026: देश की राजधानी दिल्ली में पूरे भारत में मानसून अपने चरम पर है। राजधानी में बीते दिन मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया था। वहीं आज फिर सुबह के समय काले बादलों ने दिल्ली को चारों तरफ से घेर लिया है। साथ कई जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश भी हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने 25 अगस्त को देश के 13 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी और तूफान की स्थिति बनने के अलावा बिजली गिरने का भी खतरा है।
मौसम विभाग ने 25 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, केरल, आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा और अंडमान-निकोबार समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तेज बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, अचानक बाढ़, भूस्खलन और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। IMD के मुताबिक, 25 अगस्त को सुबह 11:30 बजे तक ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में कम से मध्यम स्तर की फ्लैश फ्लड का खतरा बना रह सकता है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट
25 अगस्त को राजधानी दिल्ली में सुबह से ही हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो रही है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि 26 और 27 अगस्त को भी हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 25 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, मेरठ, आगरा, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर और मथुरा समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। IMD के मुताबिक, 25 से 27 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश हो सकती है, जबकि 25 और 26 अगस्त को पश्चिमी यूपी में भी भारी बारिश के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम का हाल
हिमाचल प्रदेश में 25 अगस्त को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, हालांकि पहाड़ी इलाका होने के कारण यहां तापमान मैदानी राज्यों की तुलना में अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर में 25 से 28 अगस्त के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 से 30 अगस्त के दौरान कुछ इलाकों में आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका है, जबकि 29 अगस्त को कई क्षेत्रों में व्यापक बारिश होने के आसार हैं।