Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मानसून अब दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों तक पहुंच चुका है। हालांकि राजधानी दिल्ली में अभी भी तेज बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 9 जुलाई तक बादल छाए रहने और कई दौर की बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून को मजबूती मिली है। इसी वजह से अगले चार से पांच दिनों तक देश के कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। गुजरात, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में 3 से 6 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 6 से 8 जुलाई के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 जुलाई के दौरान बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 9 जुलाई के बीच अच्छी बारिश हो सकती है। राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पूर्वी राजस्थान में 3 से 9 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी 9 जुलाई तक तेज बारिश और आंधी चलने की संभावना है।
मध्य भारत में भी बारिश का असर
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 3 से 9 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में 5 से 9 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में अगले चार से पांच दिनों तक लगातार बारिश का अलर्ट है। मध्य भारत में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश तथा विदर्भ के कई इलाकों में 9 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है।
Also read: Delhi EV Policy: प्रदूषण से निपटने के लिए रेखा गुप्ता सरकार का बड़ा कदम, इलेक्ट्रिक वाहनों पर 1 लाख तक का इंसेंटिव, सीएम ने लॉन्च किया EV पोर्टल