Weather Alert: देश में एक बार फिर कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। इसको लेकर मौसम विभाग ने आज यानी 29 अगस्त को दिल्ली और हरियाणा समेत 15 राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। साथ ही कुछ इलाकों में 85 से 87 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ने के कारण लोगों को सतर्क रहने और यात्रा से पहले मौसम की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के चलते पांच से ज्यादा राज्यों में नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, जबकि पूर्वी भारत में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और वज्रपात की घटनाओं का खतरा बना रहेगा।
मौसम विभाग ने 29 अगस्त को देश के कई राज्यों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। इसमें यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात में तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में करीब 87 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-यूपी में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज
29 अगस्त को राजधानी दिल्ली और यूपी में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में मध्यम से तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है और इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश और तेज आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मुरादाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बलरामपुर, बिजनौर, महाराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, मऊ और प्रयागराज समेत कई इलाकों में मौसम खराब रहने की आशंका है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मौसम काफी खराब रहने की संभावना है। उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर और चंपावत में तेज बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। देहरादून में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, कुल्लू, बिलासपुर और चंबा में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। यहां हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि मनाली में तापमान 18 डिग्री अधिकतम और 10 डिग्री न्यूनतम रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ, कुलगाम, जम्मू, पुलवामा, अनंतनाग, राजौरी, ऊधमपुर, कठुआ और गांदरबल में भी बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी है। इन इलाकों में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।