Aaj Ka Mausam 25 September: देश में मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है, लेकिन बारिश का सिलसिला अब भी जारी है। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को देश के 15 राज्यों में हल्की से लेकर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, मौसम विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ का खतरा जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
राजधानी दिल्ली-एनसीआर में 25 सितंबर यानी आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते है। वहीं, 26 सितंबर को कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनके झोंके 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। 27 सितंबर को भी सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में 25 सितंबर को बारिश का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, चंदौली और मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। खासकर पूर्वी यूपी में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवाओं और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में बारिश का सिलसिला 27 सितंबर तक जारी रह सकता है।
25 सितंबर को हिमाचल प्रदेश में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, हालांकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 सितंबर को कांगड़ा, मंडी और शिमला समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि 27 और 28 सितंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी-गरज की स्थिति बन सकती है। वहीं, उत्तराखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट है। राज्य में 26 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बारिश का दौर 28 सितंबर तक कई जिलों में जारी रह सकता है।