सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से आज मैदान में उतरेगी टीम इंडिया

सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से आज मैदान में उतरेगी टीम इंडिया

कोलकाता : टीम इंडिया सोमवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। पहली पारी में 112 रनों की बढ़त लेने के बाद भारत दूसरी पारी में 63.2 ओवरों में 8 विकेट पर 227 रन बना चुका है। रिद्धिमान साहा 39 और भुवनेश्वर कुमार 8 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इस तरह भारत की कुल बढ़त 339 रनों की हो गई है जबकि उसके 2 विकेट शेष है। 

भारत ईडन गार्डंस पर चौथे दिन सुबह अपनी बढ़त को और मजबूत करेगा। वैसे इस पिच पर यह स्कोर चौथी पारी के लिहाज से बहुत मुश्किल है। भारत ने कानपुर में पहला टेस्ट जीता था और अब उसका इरादा इस मैच को जीतकर तीन मैचों की सीरीज में अपराजेय बढ़त हासिल करने का रहेगा।

हैनरी ने पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी भारत को शुरुआती झटके दिए। उन्होंने मुरली विजय (7) को दूसरी स्लिप में मार्टिन गप्टिल के हाथों कैच कराया। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा (1) दुर्भाग्शाल रहे कि अंपायर रिचर्ड कैटलबर्ग ने उन्हें हैनरी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू करार दिया जबकि गेंद लेग स्टंप के बाहर जा रही थी।

धवन जम नहीं पा रहे थे और ट्रेंट बोल्ट ने उन्हें 17 के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू कर भारत को तीसरा झटका दिया। पहली पारी में उम्दा प्रदर्शन करने वाले अजिंक्य रहाणे मात्र 1 रन बनाकर हैनरी के तीसरे शिकार बने और भारत 43 रनों पर 4 विकेट खोकर संघर्ष करता दिखा। 

विराट कोहली सीरीज में पहली बार लय में दिख रहे थे लेकिन वे मामूली अंतर से अर्द्धशतक चूके। वे 45 रन बनाकर बोल्ट की नीची रहती गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए। रविचंद्रन अश्विन को मिचेल सेंटनर ने एलबीडब्ल्यू किया। रोहित ने इसके बाद अपने पसंदीदा मैदान ईडन पर चयन को सही सार्थक किया। उन्होंने जीतन पटेल की गेंद पर चौका लगाते हुए फिफ्टी पूरी की। यह टेस्ट मैचों में उनका छठा अर्द्धशतक है। उन्होंने 89 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से अर्द्धशतक पूरा किया। रोहित शतक का मौका चूके और सेंटनर की गेंद पर विकेटकीपर रोंची को कैच थमा बैठे। उन्होंने 132 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 82 रन बनाए। उन्होंने साहा के साथ सातवें विकेट के लिए 103 रनों की भागीदारी की। जडेजा 6 रन बनाकर सेंटनर के शिकार बने।

Leave a comment