देवेंद्र ने रचा इतिहास, विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता पैरालिंपिक गोल्ड

देवेंद्र ने रचा इतिहास, विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता पैरालिंपिक गोल्ड

रियो डी जेनेरियो : भारत के देवेंद्र झाझरिया ने रियो पैरालिंपिक खेलों में बुधवार तड़के इतिहास रच दिया जब उन्होंने पुरुषों की भाला फेंक एफ-46 स्पर्धा में विश्व कीर्तिमान बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। यह उनका पैरालिंपिक खेलों में दूसरा स्वर्ण पदक है। उन्होंने इससे पहले 2004 के एथेंस पैरालिंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।

राजस्थान के चुरू जिले के देवेंद्र ने 63.97 मीटर भाला फेंकते हुए अपने ही विश्व कीर्तिमान को सुधारा। उन्होंने तीसरे प्रयास में यह कीर्तिमान बनाया। इससे पहले पुराना विश्व कीर्तिमान (62.15 मीटर) भी उनके नाम पर ही दर्ज था। वर्ल्ड नंबर दो भारत के सुंदर सिंह गुर्जर ने स्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चीन के चुनलियांग गुओ 59.93 मीटर के साथ रजत पदक जीत पाए।

श्रीलंका के हेराथ प्रियंथा (58.23 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। यह रियो पैरालिंपिक खेलों में भारत का चौथा पदक है। वह अभी तक 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल कर चुका है। पुरुषों की हाई जम्प में मरियप्पन थांगावेलू ने स्वर्ण और वरूण सिंह भाटी ने कांस्य पदक जीता था। महिला गोला फेंक में दीपा मलिक ने रजत पदक हासिल किया था।

देवेंद्र जब 8 साल के थे तब झाड़ पर चढ़ते वक्त उन्हें करंट लगा था जिसमें उनका बाया हाथ खराब हो गया था।

Leave a comment