
America Will Banned 41 Countries: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन अवैध प्रवासन पर सख्त कार्रवाई करने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका 41देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। इस सूची में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और भूटान समेत कई अन्य देश शामिल किए जा सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रतिबंध पहले की तुलना में अधिक व्यापक और कठोर होंगे।
बता दें कि,नए ड्राफ्ट में पाकिस्तान को उन 26देशों की सूची में रखा गया है, जिन पर आंशिक वीजा निलंबन लगाया जा सकता है। यदि पाकिस्तान की सरकार 60दिनों के भीतर आवश्यक सुधार नहीं करती, तो उसके नागरिकों को अमेरिका आने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा, तुर्कमेनिस्तान, बेलारूस, भूटान और वानुअतु जैसे देश भी इस सूची में शामिल हैं।
पाकिस्तान ने यात्रा प्रतिबंध की खबरों को बताया अटकलें
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने इस संभावित यात्रा प्रतिबंध को महज अफवाह बताया है। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने कहा कि सरकार को अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने इन खबरों पर टिप्पणी करने से भी इनकार कर दिया।
पाकिस्तानी राजदूत को अमेरिका में प्रवेश नहीं मिला
हाल ही में अमेरिका और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया जब तुर्कमेनिस्तान में तैनात पाकिस्तानी राजदूत के.के. अहसान वागन को अमेरिका में प्रवेश करने से रोक दिया गया। लॉस एंजिल्स हवाई अड्डे पर उन्हें रोककर निर्वासित कर दिया गया। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने इस कदम का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फैसला उनके वीजा से जुड़े विवादों की वजह से लिया गया।
10देशों को "रेड लिस्ट" में रखा गया
ट्रंप प्रशासन ने 10देशों को "रेड लिस्ट" में रखा है, जिससे वहां के नागरिकों के लिए अमेरिका का वीजा पूरी तरह निलंबित हो सकता है। इन देशों में अफगानिस्तान, क्यूबा, ईरान, लीबिया, उत्तर कोरिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया, वेनेजुएला और यमन शामिल हैं। इसके अलावा, इरीट्रिया, हैती, लाओस, म्यांमार और दक्षिण सूडान जैसे देशों पर भी विशेष वीजा प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
अवैध प्रवासन के खिलाफ सख्त कदम जारी
राष्ट्रपति ट्रंप पहले भी कई मुस्लिम बहुल देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगा चुके हैं। अब, नए ड्राफ्ट के तहत, वे अवैध प्रवासन रोकने के लिए और कठोर कदम उठा रहे हैं। अमेरिका में प्रवेश करने वाले विदेशी नागरिकों की कड़ी जांच की जा रही है, जिससे देश की सुरक्षा मजबूत की जा सके। ट्रंप प्रशासन की यह सख्त नीति भविष्य में और कड़े फैसलों का संकेत देती है।
Leave a comment