US Flight Incident: अमेरिका में एक यूनाइटेड एयरलाइंस की घरेलू उड़ान के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। दरअसल, शिकागो से मिनियापोलिस जा रही फ्लाइट UA2005 के बीच में एक 75 वर्षीय यात्री ने कॉकपिट में घुसने की कोशिश की। स्थिति न संभलने पर हाईजैक का इमरजेंसी कोड जारी किया गया। जिस वजह से विस्कॉन्सिन के मैडिसन एयरपोर्ट पर प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इसके बाद यात्री को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स की मानें तो यह घटना 29 मई शुक्रवार रात की है, जब यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट UA2005 शिकागो के ओ'हेयर एयरपोर्ट से मिनियापोलिस के लिए रवाना हुई थी। लेकिन उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही एक यात्री ने कथित तौर पर कॉकपिट में घुसने की कोशिश की, जिस वजह से लोगों में हड़कंप मच गया। बता दें, विमान में 147 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे।
रिपोर्ट में बताया गया है कि यात्री ने कॉकपिट में घुसने की कई बार कोशिश की। उसने फ्लाइट अटेंडेंट को भी रोका और आगे बढ़ने की कोशिश की। जिसके बाद पायलटों ने तुरंत इमरजेंसी ट्रांसपोंडर कोड 7500 सिग्नल जारी कर दिया।
Also read: Petrol Diesel Price: यहां पर फिर सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल, सरकार ने 22 रुपये प्रति लीटर तक घटाए दाम
प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग
इसके बाद पायलटों ने प्लेन को तुरंत दूसरे रास्ते मोड़ लिया और विस्कॉन्सिन के डेन काउंटी रीजनल एयरपोर्ट, मैडिसन पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। जिसके बाद यात्री को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, गनीमत रही कि कोई भी घायल नहीं हुआ। इसके अलावा एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई। जिसमें एक क्रू सदस्य को यह कहते सुना गया कि एक संदिग्ध यात्री कई बार कॉकपिट तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।