
नई दिल्ली: भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने मंगलवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का पदभार संभाल लिया है। सुनक पीएम का पद संभालते ही हरकत में आ गए हैं। उन्होंने कुछ मंत्रियों को हटाया है। ऋषि सरकार की ओर से आज शाम तक कई अहम नियुक्तियां भी की गईं, जिसमें डोमिनिक राब को उप प्रधानमंत्री बनाया गया है। राब को उप प्रधानमंत्री और न्याय सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, जेरेमी हंट वित्त मंत्री बने रहेंगे। साथ ही सुएला ब्रेवरमैन को गृह सचिव नियुक्त किया गया है।
कई मंत्रियों ने अपने पद गंवाए
आपको बता दे कि,जिन मंत्रियों को हटाया गया है उनमें व्यापार सचिव जैकब रीस-मोग, न्याय सचिव ब्रैंडन लुईस, कार्य और पेंशन सचिव क्लो स्मिथ और विकास मंत्री विक्की फोर्ड शामिल हैं। इसके अलावा आलोक शर्मा को कैबिनेट से हटा दिया गया है।
जेम्स क्लेवरली को विदेश मामलों, राष्ट्रमंडल और विकास मामलों के राज्य सचिव के रूप में फिर से नियुक्त किया गया है। बेन वालेस को फिर से रक्षा राज्य सचिव नियुक्त किया गया है। साइमन क्लार्क ने लेवलिंग-अप सचिव के पद से इस्तीफा दे दिया। रानिल जयवर्धने ने पर्यावरण सचिव के पद से इस्तीफा दे दिया है। वेल्स के राज्य सचिव रॉबर्ट बकलैंड ने भी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है।
सुनक ने आज पदभार ग्रहण किया
गौरतलब है कि ऋषि सनक ने मंगलवार को महाराजा चार्ल्स III से मुलाकात के बाद औपचारिक रूप से भारतीय मूल के पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया था। इसके साथ ही उन्होंने वादा किया कि वह अशांत देश की जरूरतों को राजनीति से ऊपर रखेंगे और अतीत में की गई गलतियों को सुधारेंगे। दीवाली के दिन कंजरवेटिव पार्टी के नए नेता के रूप में ऋषि सुनक निर्विरोध चुने गए।
Leave a comment