
Imran Khan Nominated For Nobel Peace: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए किए गए उनके प्रयासों के कारण नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इस नामांकन की घोषणा पाकिस्तान वर्ल्ड अलायंस (PWA) और नॉर्वे की राजनीतिक पार्टी सेंट्रम ने की है।
PWA एक वकालत समूह है, जिसे दिसंबर 2023में स्थापित किया गया था। यह संगठन नॉर्वेजियन राजनीतिक दल सेंट्रम से जुड़ा है। पार्टी सेंट्रम ने इस खबर की पुष्टि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर की है।
पहले भी हो चुका है नामांकन
पार्टी सेंट्रम ने रविवार को एक पोस्ट में लिखा, "हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि नामांकन के अधिकार रखने वाले व्यक्ति के साथ गठबंधन करके, हमने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए किए गए उनके योगदान के कारण नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है।"
यह पहली बार नहीं है जब इमरान खान का नाम नोबेल शांति पुरस्कार के लिए सामने आया है। 2019में भी उन्हें इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया था, जब उन्होंने दक्षिण एशिया में शांति स्थापना के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
जेल में बंद हैं इमरान खान
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, हर साल नॉर्वेजियन नोबेल समिति सैकड़ों नामांकन प्राप्त करती है। इसके बाद लगभग आठ महीने की लंबी प्रक्रिया के तहत विजेता का चयन किया जाता है।इमरान खान, जो पाकिस्तान की मुख्य विपक्षी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक हैं, अगस्त 2023से जेल में बंद हैं। उन्हें सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के मामलों में 14साल की सजा सुनाई गई है।
अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद उन्हें सत्ता से हटा दिया गया था। हालांकि, इमरान खान ने सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज किया है।
Leave a comment