अगस्त-सितंबर में भी दिखेगी मॉनसून की तेज रफ्तार, इन राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट

अगस्त-सितंबर में भी दिखेगी मॉनसून की तेज रफ्तार, इन राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट

Monsoon 2025: देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि इस साल मॉनसून ने समय से पहले दस्तक दी, जिस वजह से जगह-जगह जमकर बरसात हुई। वहीं, अब IMD का कहना है कि भारत में मॉनसून सीजन के दूसरे चरण यानी अगस्त और सितंबर में सामान्य से ज्यादा बारिश होगी। IMD ने हाल ही में अपने दीर्घकालिक पूर्वानुमान में बताया कि इस दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

अगस्त-सितंबर में जमकर बरसेंगे बादल

IMD के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय मोहपात्रा ने 31जुलाई 2025को एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दूसरे चरण (अगस्त-सितंबर) में देश में औसतन 106%बारिश होने की संभावना है। जो लंबी अवधि के औसत (LPA) 422.8मिमी से अधिक है। 

IMD के अनुसार, अगस्त 2025में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होगी। वहीं, उत्तर-पूर्वी भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रह सकती है। इस महीने में तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है, जो गर्मी से राहत दे सकता है। वहीं, सितंबर में भी बारिश का रुख सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

इन राज्यों  में बारिश का अनुमान

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राजस्थान, गुजरात, पंजाब और हरियाणा जैसे उत्तर-पश्चिमी राज्यों में सामान्य बारिश होने की उम्मीद है। वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश) और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों जैसे बिहार, झारखंड में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। गोवा और पश्चिमी घाट के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जिससे भूस्खलन और बाढ़ जैसे जोखिम बढ़ सकते हैं।

इसी के साथ, IMD ने स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को बाढ़ की संभावना के प्रति जागरूक रहने को कहा गया है।

Leave a comment