स्टार्टअप इंडिया के 10 साल पूरे, राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस पर पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां

स्टार्टअप इंडिया के 10 साल पूरे, राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस पर पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस और स्टार्टअप इंडिया के 10 साल पूरे होने के मौके पर एक कार्यक्रम में प्रदर्शनी का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि सबसे अहम बात यह है कि भारत के युवा असली समस्याओं को हल करने पर ध्यान दे रहे हैं। मैं उन सभी युवा इनोवेटर्स की बहुत सराहना करता हूं जिन्होंने नए सपने देखने की हिम्मत की है। आज, हम स्टार्टअप इंडिया के 10 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। यह 10 साल का सफ़र आप जैसे हज़ारों-लाखों सपनों का सफ़र है। यह अनगिनत कल्पनाओं के सच होने का सफ़र है।

पीएम मोदी ने कहा कि सिर्फ 10 सालों में, स्टार्टअप इंडिया मिशन एक क्रांति बन गया है। भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। उन्होंने कहा कि 2014 में, भारत में सिर्फ 4 यूनिकॉर्न थे, आज भारत में लगभग 125 एक्टिव यूनिकॉर्न हैं। दुनिया भी इस सफलता की कहानी को हैरानी से देख रही है। इस बदलाव में एक बड़ी भूमिका देश की बेटियों की रही है, आज, 45% से ज़्यादा मान्यता प्राप्त स्टार्टअप में कोई महिला डायरेक्टर या पार्टनर है। महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप की फंडिंग के मामले में, भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा इकोसिस्टम बन गया है।

आपका समय मुकदमेबाजी में बर्बाद नहीं होना चाहिए- पीएम मोदी

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि एक समय में जब मुश्किल नियम, लंबे अनुमोदन साइकिल और इंस्पेक्टर राज का डर नवाचार में सबसे बड़ी रुकावटें थीं। इसीलिए हमने भरोसे और पारदर्शिता का माहौल बनाया। जन विश्वास एक्ट के तहत 180 से ज़्यादा प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से हटा दिया गया है। हमने आपका समय बचाया है ताकि आप नवाचार पर ध्यान दे सकें। आपका समय मुकदमेबाजी में बर्बाद नहीं होना चाहिए।

Leave a comment