Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के चमोली जिले में मौसम का बदल गया है। ज्योर्तिमठ क्षेत्र में दिन की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई, जबकि बद्रीनाथ धाम में भी बारिश के बीच आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हो रही है। इसको लेकर मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
ज्योर्तिमठ क्षेत्र में दिन की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई, जबकि बद्रीनाथ धाम में भी बारिश के बीच आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हो रही है। सतोपंथ क्षेत्र, सप्त श्रृंग शिखर, फूलों की घाटी, कुंठ खाल, टिपरा खरक, चिनाप वैली, एरा टॉप और नीति वैली समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट के बीच बर्फबारी दर्ज की जा रही है। वहीं निचले इलाकों में लगातार बारिश के चलते ठंड और शीतलहर का असर बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार चमोली में 26 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट और 27 सितंबर को येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
26 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 27 सितंबर को भी कहीं-कहीं आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और तेज से बहुत तेज बारिश का अनुमान है। मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोगों से अनावश्यक आवागमन और ट्रेकिंग से बचने तथा मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को मुख्यालय और अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।