Uttarakhand News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष कार्य किया और 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण का काल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में देश को नई दिशा और नई ऊर्जा देने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र के संकल्प की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घ और सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीजेपी की ओर से 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।