Utrrakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, सिंचाई, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी है। इन फैसलों के तहत चम्पावत, देहरादून, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी और हरिद्वार सहित कई जिलों में विकास कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए 61.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति को भी मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत जिले के टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 9.94 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। देहरादून जिले के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में माजरी ग्रांट के लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर आदि के घरों तक दो किलोमीटर सड़क बनाने के लिए 1.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा और पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें पहली किश्त के रूप में 44.54 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। वहीं, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मझेड़ा ग्राम पंचायत में प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर, कुमाल्ता और स्यूसी तक संपर्क मार्ग बनाने के लिए 49.85 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
मंदिरों के विकास और सौंदर्यीकरण पर जोर
राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने कई मंदिरों के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी है। ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर विधानसभा क्षेत्र के डाम इलाके में स्थित प्राचीन मंदिर के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.62 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ में गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 32.53 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 98.79 लाख रुपये में से 50 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। पौड़ी जिले के कोटद्वार स्थित कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापित करने और सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 79.74 लाख रुपये में से शेष 31.90 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।
पेयजल और सिंचाई योजनाओं को मिलेगी गति
पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार नगर की सनेह नगरीय पेयजल योजना के तहत सनेह मल्ली में नलकूप खनन और ऊर्ध्व जलाशय निर्माण के लिए 3.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे संबंधित क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वहीं, पिथौरागढ़ जिले की तौक भौरा ग्राम पंचायत में फील्ड सिंचाई गूल के निर्माण के लिए 44.13 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कुंभ मेला 2027 के लिए 61.42 करोड़ रुपये मंजूर
हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर भी सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। भारत सरकार के अवस्थापना अनुदान के अंतर्गत प्रस्तावित 18 कार्यों के लिए 61.42 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है। इन कार्यों का उद्देश्य कुंभ मेले से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है।
इसके अतिरिक्त टिहरी जिले की कीर्तिनगर तहसील में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 121.30 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। योजना का काम शुरू करने के लिए 50 लाख रुपये जारी करने का भी अनुमोदन किया गया है।
चम्पावत के तीन मंदिरों के लिए 60 लाख रुपये
चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है। त्यौन्दर बाबा मंदिर फोर्ती, भूमिया बाबा मंदिर फोर्ती और महारुद्र मंदिर फोर्ती के विकास के लिए प्रत्येक मंदिर को 20-20 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस तरह तीनों मंदिरों के लिए कुल 60 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री के इन फैसलों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क संपर्क, पेयजल, सिंचाई, धार्मिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है। अब इन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित समय पर काम पूरा होने पर लोगों को मिलने वाले लाभ महत्वपूर्ण होंगे।
Also read: Uttarakhand News: सीएम धामी से मिले ABVP के नवनिर्वाचित पदाधिकारी, युवाओं को दिया भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश