UK Board Result 2026: उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आधिकारिक तौर पर रिजल्ट जारी किया। इस साल भी छात्रों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है और कई विद्यार्थियों ने शानदार अंक हासिल किए हैं। कक्षा 10वीं की बात करें तो रामनगर के एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोयल ने 500 में से 491 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है।
फिर से लड़कियों ने मारी बाजी
वहीं, कक्षा 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेहंदीरत्ता ने 490 अंक (98%) हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। खास बात यह है कि गीतिका पंत पहले 10वीं में 10वें स्थान पर थीं और अब 12वीं में टॉप कर उन्होंने बड़ी छलांग लगाई है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है। इस बार इंटरमीडिएट परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 85.11% रहा। इसमें लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 88.09% पास प्रतिशत हासिल किया, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 81.93% रहा। इससे साफ है कि इस साल भी छात्राओं ने बाजी मारी है।
बोर्ड ने दी छात्रों को बधाई
रैंकिंग की बात करें तो दूसरे स्थान पर आर्यन ने 489 अंक (97.80%) हासिल किए, जबकि तीसरे स्थान पर वंशिका ने 485 अंक (97%) प्राप्त किए। श्रेणीवार परिणाम में 7,814 छात्र सम्मान सहित पास हुए, जो कुल का 7.77% है। वहीं, 41,507 छात्र प्रथम श्रेणी, 34,987 छात्र द्वितीय श्रेणी और 330 छात्र तृतीय श्रेणी में पास हुए हैं। बोर्ड ने सभी सफल छात्रों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही असफल छात्रों को निराश न होने और आगे बेहतर तैयारी करने की सलाह दी गई है। यह रिजल्ट छात्रों की मेहनत और लगन का परिणाम है।
Also read: देहरादून में महिला जन आक्रोश रैली, मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना