UP: अंतिम संस्कार के लिए जा रहे ग्रामीणों की नाव पलटी, 3 की मौत; 7 लोगों को बचाया गया

UP: अंतिम संस्कार के लिए जा रहे ग्रामीणों की नाव पलटी, 3 की मौत; 7 लोगों को बचाया गया

Sitapur Boat Capsizes: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। शारदा नदी में एक नाव पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसा उस समय हुआ जब कुछ लोग एक शव का अंतिम संस्कार करने के लिए नदी पार कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

बता दें कि,घटना सुबह करीब 11बजे तंबौर क्षेत्र के रतनगंज इलाके में हुई। दिनेश गुप्ता नामक व्यक्ति का निधन हो गया था। उनके परिजन शव लेकर नाव से नदी पार कर रहे थे। अंतिम संस्कार के लिए नदी किनारे स्थित एक टीले पर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक नाव पलट गई। नाव में एक दर्जन से अधिक लोग सवार थे। नाव पलटते ही चारों तरफ अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर तैरने लगे।

स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने शुरू किया बचाव अभियान

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। कुछ लोग पानी में कूदकर डूब रहे लोगों को बचाने लगे। सूचना मिलते ही प्रशासन ने गोताखोरों की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने पहुंचकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

तीन की मौत, एक किशोरी की हालत गंभीर

गोताखोरों ने तीन शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई:

- कुमकुम (13वर्ष)

- नीरज की पत्नी खुशबू

- जगदीश के पुत्र संजय

इसके अलावा, सात अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। इनमें एक 13वर्षीय किशोरी की हालत गंभीर है। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रशासन ने किया सहायता का आश्वासन

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि नाव में अधिक लोगों के सवार होने की वजह से यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने की बात कही है।

Leave a comment