गुन्नौर में BJP नेता की हत्या, हमलावरों ने घर में घुसकर लगाया जहर का इंजेक्शन

गुन्नौर में BJP नेता की हत्या, हमलावरों ने घर में घुसकर लगाया जहर का इंजेक्शन

Gulfam Singh Yadav Murder: गुन्नौर क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की सोमवार को हत्या कर दी गई। दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें जहरीला इंजेक्शन लगाया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

बता दें कि,यह घटना जुनावई ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम दफ्तरा हिमांचल में हुई। जब वे अपने घेर में चारपाई पर बैठे थे, तभी दो युवक बाइक से वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उनमें से एक युवक ने अचानक उनके पेट में जहरीला इंजेक्शन लगा दिया। हमला होते ही दोनों हमलावर तेजी से बाइक पर फरार हो गए।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

परिजनों को पहले गोली लगने का संदेह हुआ, इसलिए वे तुरंत उन्हें जुनावई के सरकारी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति देखकर अलीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन, रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

तीन दशकों से राजनीति में थे सक्रिय

करीब 65वर्षीय गुलफाम सिंह यादव तीन दशकों से राजनीति में सक्रिय थे। 2004में गुन्नौर विधानसभा के उपचुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वे पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भी रह चुके थे।

भाजपा में कई अहम पदों पर रहे

गुलफाम सिंह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (पश्चिमी उत्तर प्रदेश), आरएसएस के जिला कार्यवाह और भाजपा के महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके थे। उनकी पत्नी जावित्री देवी तीन बार से गांव की प्रधान हैं। 2019में उनके बेटे दिव्य प्रकाश यादव ने जुनावई ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जीता था।

हत्या से इलाके में दहशत, पुलिस जांच जारी

इस हत्या के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।फिलहाल, पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्या के पीछे कौन लोग शामिल हैं। जल्द ही मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।

Leave a comment