UP : यूपी पुलिस पर एक बार फिर हमला, 1 सिपाही की मौत

UP : यूपी पुलिस पर एक बार फिर हमला, 1 सिपाही की मौत

कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में मंगलवार देर शाम शराब माफिया ने पुलिस पर हमला कर दिया.कुर्की के लिए नोटिस चस्पा करने गए दारोगा अशोक कुमार सिंह और सिपाही देवेंद्र कुमार को शराब माफिया ने पकड़ लिया. उन्होंने पीट-पीटकर सिपाही को मौत के घाट उतार दिया, जबकि दारोगा की हालत गंभीर बनी हुई है. दोनों गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में बंधक मिले हैं. दारोगा पर भाला से हमला किया गया है, जबकि सिपाही के सिर पर भी वार किया गया. देर रात कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. अधिकारी समन तामील के लिए रवानगी की भी बात कह रहे हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कासगंज की घटना को गंभीरता से लिया है. उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है. कानून व्यवस्था के संबंध में किसी भी प्रकार का समझौता न करते हुए दोषियों के विरुद्ध अविलम्ब और सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने घटना में घायल पुलिसकर्मी के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं.

कासगंज जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर गंगा की कटरी में स्थित थाना सिढपुरा नगला धीमर में दारोगा अशोक कुमार सिंह और सिपाही देवेंद्र कुमार मंगलवार शाम शराब माफिया मोतीराम की कुर्की का नोटिस चस्पा करने गए थे. वहां माफिया ने दोनों को घेर लिया और एक पेड़ से बांधकर जमकर पीट दिया. इसके बाद माफिया और ग्रामीण दोनों को डेढ़ किलोमीटर दूर खेत पर ले गए. वहां भी दोनों की पिटाई की, वर्दी भी फाड़ दी.

पटियाली के सीओ गवेंद्र पाल गौतम सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के कई थानों की फोर्स को बुलाया गया। पुलिस को दोनों खेत में बंधक मिले. अस्पताल लाने तक सिपाही की मृत्यु हो गई, जबकि दारोगा की हालत गंभीर बनी हुई है. आइजी पीयूष मोडिया ने बताया कि पुलिसकर्मी जहरीली शराब के एक मामले में कुर्की पूर्व नोटिस चस्पा करने गए थे. वहां दोनों को बंधक बना लिया.

पुलिस को दारोगा एक खेत में मिले, उनकी बाइक के अलावा एक अन्य बाइक भी मिली है. दारोगा की वर्दी जूते भी पास ही पड़े थे. लगभग आधा घंटे बाद सिपाही भी एक गेहूं के खेत में गंभीर हालत में मिला है. यहां पुलिस को शराब की भट्टी का सामान बिखरा पड़ा मिला है.

Leave a comment