
Hardoi Accident: उत्तर प्रदेश में हरदोई में सोमवार को हरदेव राजा की पूजा करने गई गांव की महिलाओं के साथ गए चार किशोर नहाने के दौरान गंगा नदी के ककरहिया नाले में डूब गए। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। इस बीच ग्रामीणों ने दो किशोरो को बचा लिया, लेकिन दो किशोरो की डूब कर मौत हो गई है। करीब डेढ़ घंटे बाद ग्रामीणों के प्रयास से दोनों के शव बरामद कर लिया गया। सूचना पाकर कई घंटे बाद नायब तहसीलदार समेत पुलिस बल पहुंचा। दोनों किशोरों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर ग्राम पंचायत के ज्ञानपुर मजरे की महिलाएं सोमवार को पूजा करने गंगा नदी से निकले ककरहिया नाले के किनारे हरदेव राजा के पास पूजा करने गई थी। महिलाओं के साथ गए 13वर्षीय कौशल पुत्र उमाकांत, उसका भाई अनुज, अंशु पुत्र रामलखन, विजय पुत्र लालताराम नाले में स्नान करने लगे। गहरे पानी में जाने से चारों किशोर डूब गए। जिसमें ग्रामीणों के प्रयास से अनुज व विजय को ग्रामीणों ने बचा लिया, लेकिन कौशल व अंशू की डूब कर मौत हो गई है। ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए।
जांच में जुटी पुलिस
मृतक कौशल गांव के विद्यालय में कक्षा 8का छात्र था। वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मां पूनम का रो रो कर बुरा हाल है। जबकि अंशू कक्षा 5में पढता था। वह दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मां आशा समेत पूरे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। रामगंगा व गंगा के बीच फर्रुखाबाद की सीमा पर गांव स्थित होने के कारण सवायजपुर तहसील से नायब तहसीलदार अनेक सिंह व प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण त्रिपाठी पुलिस बल के साथ कई घंटे बाद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों किशोरो के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Leave a comment