
UP News: यूपी के भदोही से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां रोहित बिंद नामक युवक ने धारदार हथियार (चाकू) से अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी सिंदूर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। 25वर्षीय विवाहिता बसंती दो दिन पूर्व ही मायके से ससुराल लौटी थी। पूरी घटना बुधवार तड़के सुरियावां थाना इलाके के वारी गांव की है। रोहित बिंद पुत्र स्व. रामजियावन बिंद को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। चर्चा है कि परिवारिक कलह में यह हिंसात्मक और दर्दनाक कदम उठाया गया है। जबकि, मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की तफसीस में जुटी हुई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी भदोही अशोक कुमार मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि "शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही घटनास्थल से फॉरेंसिक व पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलित किए हैं। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर में दहेज की मांग लगातार किए जाने का आरोप लगाया है, और उसी के चलते हत्या किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना कारित करने वाले रोहित बिंद की हालत अब सामान्य है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
परिजनों में पसरा मातम
बता दें कि रोहित बिंद की शादी मार्च 2022 में मिर्जापुर जिले के थाना चिल्ह इलाके के चंदेल डडिया गांव में बसंती के साथ हुई थी। दंपत्ति को अभी कोई संतान नहीं हुआ था। चर्चा है कि शादी के कुछ माह बाद से ही दोनों के बीच अनबन चल रहा था। विवाहिता बसंती अपने मायके गई थी, और महज दो दिन पहले ही वह सुरियावां थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल आई थी। घटना से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
Leave a comment