
नई दिल्ली: यूक्रेन में रूसी हमले का आज छठा दिन है। यूक्रेन की सड़कों पर तबाही का मंजर नजर आ रहा है। लोग अपनी जान बचाने के लिए बंकरों में छुपे हुए है। रूस ने यूक्रेन में हमले को और तेज कर दिया है। रूसी हमलों का शिकार बन रहा यूक्रेन भी एक से बढ़कर एक दावे कर रहा है। अब यूक्रेन ने रूस के कई टैंक, सैन्य वाहन और दूसरे हथियार मार गिराने का दावा किया है।
यूक्रेन ने मंगलवार को दावा किया है कि उन्होंने तुर्की के बायरक्तार टीबी2 ड्रोन से रूस के 100 टैंक और 20 सैन्य वाहन मार गिराए हैं। बता दें की बायरक्तार टीबी2 एक तुर्की मध्यम-ऊंचाई लंबी-धीरज मानव रहित लड़ाकू हवाई वाहन है। जो दूर से नियंत्रित या स्वायत्त उड़ान संचालन में सक्षम है। यह मुख्य रूप से तुर्की सशस्त्र बलों के लिए तुर्की की कंपनी बायकर डिफेंस द्वारा निर्मित है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में अब तुर्की भी खुलकर सामने आ गया है। दोनों देशों के बीच तटस्थ बने रहने की कोशिश कर रहे तुर्की ने अमेरिका के दबाव में रूस के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाया है।
तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने कहा है कि वे अंतर्राष्ट्रीय नियमों को लागू करने के लिए बाध्य हैं, इसलिए तुर्की जंग में शामिल देश के सैन्य जहाजों की मेडिटेरेनियन से ब्लैक सी में एंट्री बैन कर रहा है। हालांकि, एर्दोगन ने कहा कि तुर्की दोनों देशों के साथ अपने संबंधों को खराब नहीं करेगा।
Leave a comment