Aaj Ka Muasam: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार समेत 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR में भी सुबह से मौसम बदला हुआ है और कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
दिल्ली-NCR में सुबह से बारिश
दिल्ली में रविवार सुबह करीब 5 बजे से कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कुछ हिस्सों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम सुहाना हो गया। कई जगह हल्की धुंध भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-NCR में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
यूपी में बाढ़ जैसे हालात
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा और घाघरा समेत कई नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज और वाराणसी में स्थिति ज्यादा गंभीर बनी हुई है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट समेत 84 घाट पानी में डूब गए हैं। मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार करने में भी लोगों को परेशानी हो रही है। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली शाम की गंगा आरती भी सामान्य जगह के बजाय छत पर कराई गई। यूपी के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। प्रशासन ने लोगों को नदियों और घाटों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, बलिया, बांदा, मेरठ और नोएडा समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में बनेगा नया सिस्टम
IMD के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर एक मौसम तंत्र बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास अगले 24 घंटे में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके प्रभाव से मध्य और पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
25 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ अमृतसर से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके कारण देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। 23, 24 और 25 अगस्त को भी मानसून सक्रिय रह सकता है। इस दौरान उत्तर भारत समेत मध्य और पूर्वी राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
Also read: Rahul Gandhi:पुणे में राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम, बोले- हर कोई अपने आप में अनूठा