Ind vs Afg T20 Series: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के एक्सक्लूसिव टेलीविजन प्रसारण अधिकार हासिल कर लिए हैं। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टी20 मैच 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को होगा।
इन देशों में होगा सीरीज का प्रसारण
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के मुख्य राजस्व अधिकारी और स्पोर्ट्स एवं इंटरनेशनल बिजनेस हेड राजेश कौल ने कहा कि भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज नेटवर्क के क्रिकेट पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि यह सीरीज सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के ‘फेस्टिवल ऑफ स्पोर्ट्स’ का हिस्सा होगी। दोनों टीमें आक्रामक और मनोरंजक टी20 क्रिकेट खेलने के लिए जानी जाती हैं, इसलिए तीनों मुकाबलों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। सीरीज का प्रसारण भारत के अलावा नेपाल, मालदीव और भूटान के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए भी किया जाएगा।
श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी टीम की कमान
भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी। टीम में ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, तिलक वर्मा और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
कौन है अफगानिस्तान टीम का कप्तान?
दूसरी ओर, अफगानिस्तान की कप्तानी इब्राहिम जादरान करेंगे। टीम के पास राशिद खान की अगुआई में मजबूत स्पिन आक्रमण है। रहमानुल्लाह गुरबाज और सेदिकुल्लाह अटल के अलावा अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब और मोहम्मद नबी जैसे अनुभवी ऑलराउंडर भी टीम का हिस्सा हैं।
अफगानिस्तान के लिए बड़ा मौका- क्रिकेट बोर्ड
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ नसीब खान ने कहा कि भारत में खेलना हमेशा खास होता है, क्योंकि यहां क्रिकेट को लेकर जबरदस्त जुनून है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सीरीज अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को दुनिया की मजबूत टीमों में से एक के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मौका देगी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच खेल संबंध और मजबूत होंगे और सीरीज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफगानिस्तान की लगातार प्रगति को भी दर्शाएगी।
Also read: Asian Games 2026: हार्दिक पंड्या और हर्षित राणा अफगानिस्तान T20I सीरीज और एशियन गेम्स से बाहर, 15 खिलाड़ियों को मिला मौका; यश ठाकुर ने भी बनाई जगह