LPG e-KYC Deadline: देश में एलपीजी गैस कनेक्शन इस्तेमाल करने वाले लाखों उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। एलपीजी e-KYC यानी आधार आधारित वेरिफिकेशन की आखिरी तारीख 23 अगस्त 2026 बताई गई है। ऐसे में जिन ग्राहकों ने अभी तक अपना e-KYC पूरा नहीं किया है, उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। इंडेन, भारत गैस और HP गैस के ग्राहक अपने मोबाइल फोन से ही e-KYC पूरा कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, LPG कनेक्शन से जुड़ा मोबाइल नंबर, LPG कंज्यूमर नंबर या LPG ID और संबंधित गैस कंपनी का ऐप जरूरी होगा। फेस वेरिफिकेशन के लिए Aadhaar Face RD ऐप की भी जरूरत पड़ सकती है।
कैसे कर सकते हैं e-KYC
इंडेन ग्राहक IndianOil ONE ऐप के जरिए e-KYC कर सकते हैं। ऐप में अपने LPG कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद e-KYC या आधार ऑथेंटिकेशन का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद आधार की सहमति देकर Face RD ऐप के जरिए चेहरे का स्कैन पूरा करना होगा। भारत गैस ग्राहक Hello BPCL ऐप से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद भारत गैस कनेक्शन चुनें और e-KYC या आधार वेरिफिकेशन का विकल्प चुनकर फेस स्कैन पूरा करें।
जरूर चेक करें स्टेटस
वहीं, HP गैस ग्राहक HP Pay ऐप के जरिए e-KYC कर सकते हैं। ऐप में LPG अकाउंट चुनने के बाद आधार वेरिफिकेशन और फेस स्कैन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऐप में e-KYC का स्टेटस जरूर चेक करें। अगर ग्राहक तय समय सीमा में e-KYC पूरा नहीं करते हैं, तो LPG कनेक्शन पर अस्थायी रोक लग सकती है। इससे गैस सिलेंडर की बुकिंग और सप्लाई प्रभावित हो सकती है। सब्सिडी पर भी असर पड़ने की संभावना है। इसलिए अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द e-KYC पूरा करना बेहतर है। ध्यान रखें कि किसी भी संदिग्ध लिंक या अनजान व्यक्ति के साथ OTP और आधार की जानकारी साझा न करें। e-KYC केवल संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक ऐप या अधिकृत माध्यम से ही करें।
Also read: Aaj Ka Mausam 21 August 2026: आज मौसम का रौद्र रूप! दिल्ली-UP समेत 21 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट