AIMIM Political Connection: माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल में बंद उनके भाई मोहम्मद उमर और अली अहमद को कस्टडी पैरोल मिली थी। दोनों भाई प्रयागराज पहुंचे और अबान को सुपुर्द-ए-खाक करने के बाद वापस जेल लौट गए। अबान के जनाजे में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली भी शामिल हुए थे। इसी दौरान एक मस्जिद में उनकी मुलाकात अतीक के दोनों बेटों उमर और अली से हुई। शौकत अली के मुताबिक, उमर ने उन्हें देखते ही पहचान लिया और सलाम किया। इसके बाद दोनों भाइयों ने उनसे कहा कि “सदर साहब यानी असदुद्दीन ओवैसी को हमारा सलाम कहिएगा।”
मस्जिद में हुई संयोग से मुलाकात
शौकत अली ने बताया कि यह मुलाकात संयोग से हुई। अबान को दफनाने के बाद मगरिब की नमाज का वक्त हो गया था। पुलिस सुरक्षा के बीच उमर और अली को पास की एक मस्जिद में ले जाया गया, जहां उनकी मुलाकात शौकत अली से हुई। शौकत अली ने बताया कि दोनों भाइयों को हथकड़ी लगी हुई थी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उन्हें घेरे हुए थे। उन्होंने कहा कि उमर ने अपने छोटे भाई की नमाज-ए-जनाजा खुद पढ़ाने की इच्छा जताई। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।
कड़ी सुरक्षा के बीच जेल वापस गए
अबान अहमद को उनके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफनाया गया। अंतिम रस्में पूरी करने के बाद उमर और अली परिवार से मिले और कड़ी सुरक्षा के बीच वापस जेल चले गए। इस पूरे मामले में शौकत अली ने कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अतीक अहमद के परिवार से राजनीतिक नजदीकी रखने वाले कई लोग अबान के जनाजे में नजर नहीं आए। शौकत अली ने इस मुद्दे को लेकर इमरान प्रतापगढ़ी पर निशाना साधा।
पुराने वीडियो हो रहे वायरल
वहीं, सोशल मीडिया पर इमरान प्रतापगढ़ी के पुराने वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्हें अतीक अहमद की सभाओं और मुशायरों में उनके प्रति सम्मान जताते हुए देखा गया था। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। अतीक अहमद के परिवार का AIMIM से भी राजनीतिक जुड़ाव रहा है। 2021 में अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और बेटे उमर ने AIMIM की सदस्यता ली थी। हालांकि बाद में शाइस्ता ने बसपा का रुख कर लिया था, जबकि उमर AIMIM से जुड़े रहे।
Also read: Delhi News: PM मोदी ने रामनाथ कोविंद की आत्मकथा का किया विमोचन, बोले- भारतीय लोकतंत्र और समाज के लिए बनेगी धरोहर