
T20 League: पाकिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड की टी20 लीग The Hundred के आगामी सीजन में कुछ फ्रेंचाइजी पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नजरअंदाज कर सकती हैं। बताया जा रहा है कि चार टीमें MI London, Manchester Super Giants, Southern Brave और Sunrisers Leeds आगामी ऑक्शन में पाकिस्तान के खिलाड़ियों को मौका नहीं दे सकतीं। इन चारों टीमों का संबंध आईपीएल निवेश से जुड़ा बताया जा रहा है।
ECB अधिकारी ने दी जानकारी
एक वरिष्ठ England and Wales Cricket Board (ECB) अधिकारी ने BBC Sport को बताया कि एक एजेंट के अनुसार आठ में से सिर्फ चार फ्रेंचाइजी ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों में रुचि दिखा सकती हैं, जिनका आईपीएल से कोई सीधा संबंध नहीं है। एक अन्य एजेंट ने इसे “अनलिखा नियम” बताया, जो उन टी20 लीगों में देखने को मिलता है जहां भारतीय निवेश जुड़ा है। हालांकि ECB प्रमुख रिचर्ड गोल्ड ने 2025 में कहा था कि वे चाहते हैं कि सभी देशों के खिलाड़ियों को बराबरी का मौका मिले और भेदभाव रोकने के लिए स्पष्ट नीतियां लागू हों।
1000 खिलाड़ियों ने किया रजिस्ट्रेशन
ECB के प्रवक्ता के अनुसार, इस बार लगभग 18 देशों के करीब 1000 खिलाड़ियों ने द हंड्रेड के ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के 50 से अधिक खिलाड़ी लंबी सूची में शामिल हैं। द हंड्रेड 2026 का सीजन 21 जुलाई से शुरू होगा और फाइनल 16 अगस्त को खेला जाएगा। वहीं, ऑक्शन 11 और 12 मार्च को लंदन के पिकाडिली लाइट्स में आयोजित होगा। गौरतलब है कि पाकिस्तानी खिलाड़ी 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में खेले थे, लेकिन 2009 के बाद से उन्हें मौका नहीं मिला। 26/11 मुंबई हमलों के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव इसका बड़ा कारण माना जाता है।
Leave a comment