
नई दिल्ली: फिल्म धोनी स्टार सुशांत सिंह राजपूत का निधन हो गया है. सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई में अपने घर पर रविवार को फांसी लगाकर जान दे दी है. मुंबई के बांद्रा में उनके नौकर ने उनके शव को पंखे से लटकते हुए देखा और पुलिस को इसकी जानकारी दी है. बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत ने सुसाइड करने से ठीक 10 दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर अपना मां को याद किया था
सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी आखिरी पोस्ट में लिखा था 'आंसुओं से धुंधला होता अतीत, मुस्कुराहट के एक आर्क को उकेरते सपने और एक क्षण भंगुर जीवन, दोनों के बीच बातचीत'. इस पोस्ट को शेयर करते हुए सुशांत सिंह राजपूत ने #मां लिखा था, साथ ही अपनी मां की फोटो भी शेयर की थी.
सुशांत की मां का देहांत बहुत पहले हो चुका था. जब सुशांत 16साल के थे, उसी वक्त उनकी मां चल बसी थी. वे अपनी मां के बहुत करीब थे. वे कई बार सोशल मीडिया पर मां के प्रति प्रेम को जता चुके हैं और उनका आखिरी पोस्ट भी अपनी मां के नाम ही था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुशांत सिंह राजपूत पिछले काफी दिनों से डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे. हालांकि फिलहाल आत्महत्या के किसी कारण का पता नहीं चला है. एक्टर सोशल मीडिया पर पिछले कुछ समय से एक्टिव थे.
बता दें कि 8 जून को सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सलियन ने मुंबई में एक इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली. दिशा ने मुंबई के मलाड में एक इमारत की 14 वीं मंजिल से छलांग लगा दी थी.
Leave a comment