
Rajasthan Assembly: राजस्थान विधानसभा के बाहर आज सोमवार को जबरदस्त हंगामा हुआ। दरअसल, एक मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर एक विवादित टिप्पणी की थी। जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव किया। उन्होंने जमकर नारेबाजी और हंगामा किया
जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाई। लेकिन इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और कई लोगों को हिरासत में लिया। इस हंगामें के बाद सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए प्रशासन कड़े इंतजाम कर रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बीते कुछ दिनों से राजस्थान विधानसभा में हंगामा हो रहा है। इसी दौरान आज मंत्री अविनाश गहलोत ने इंदिरा गांधी पर एक विवादित टिप्पणी की। उन्होंने इंदिरा गांधी को कांग्रेस की दादी कहा था। ये सुनकर कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया। जिस वजह से विधानसभा स्पीकर ने कांग्रेस के 6 विधायकों को सस्पेंड कर दिया था। स्पीकर ने सभी सस्पेंड विधायकों को सदन से जाने के लिए कहा, लेकिन वे सभी डटे रहे। इस वजह से सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। इसके बाद सत्ता पक्ष और प्रतिपक्ष दोनों स्पीकर से बातचीत के लिए उनके चैंबर में पहुंचे।
इसी बीच नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सदन से बाहर आकर बयान दिया कि कुछ लोग नहीं चाह रहे हैं कि सदन अच्छे से चले। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की जिम्मेदारी होती है कि वह प्रतिपक्ष को साथ में लेकर सदन में गतिरोध दूर करे। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो रहा।
Leave a comment