
Sunil Chhetri Retirement: भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने अचानक अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। भारत के महान फुटबॉलरों में से एक सुनील छेत्री ने गुरुवार 16 मई की सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर अपने संन्यास की घोषणा की। सुनील छेत्री अब अपने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल करियर का आखिरी मैच 6 जून को कुवैत के खिलाफ खेलेंगे।
फैंस को बड़ा झटका
39 साल के सुनील छेत्री ने अपने 19 साल लंबे करियर को खत्म करने का फैसला किया है, जिससे उनके फैंस को बड़ा झटका लगा है। सुनील छेत्री ने अपने अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल करियर की शुरुआत 12 जून 2005 को पाकिस्तान के खिलाफ की थी। सुनील छेत्री ने अपने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल करियर का पहला गोल भी पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले मैच में ही किया था।
150 मैचों में 94 गोल किये
भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने अपने 19 साल के करियर में भारत के लिए अब तक 150 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 94 गोल किए हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद भी सुनील छेत्री अपने क्लब बेंगलुरु एफसी के लिए खेलना जारी रखेंगे। सुनील छेत्री को साल 2011 में अर्जुन पुरस्कार और साल 2019 में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा, सुनील छेत्री ने अपने करियर में 6 बार एआईएफएफ प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीता है।
सुनील छेत्री ने क्या कहा?
भारतीय कप्तान सुनील छेत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, 'कुवैत के खिलाफ मैच आखिरी होगा।' भारत वर्तमान में ग्रुप 'ए' में शीर्ष रैंकिंग वाले कतर के बाद चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। छेत्री ने भारत के लिए अपना 150वां मैच मार्च में अफगानिस्तान के खिलाफ गुवाहाटी में खेला था। उस मैच में उन्होंने एक गोल भी किया था। हालाँकि, भारत वह मैच 1-2 से हार गया।
Leave a comment