
Vaishnavi Sharma Hattrick: ICC अंडर 19 महिला टी20 विश्व कप में फिरकी गेंदबाज वैष्णवी शर्मा ने मलेशिया के खिलाफ हैट्रिक लेकर एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जिसे इससे पहले किसी भारतीय ने नहीं किया था। वैष्णवी शर्मा U19 महिला T20 विश्व कप में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय और दुनिया की तीसरी गेंदबाज बन गईं। वैष्णवी ने यह कमाल मलेशिया के खिलाफ खेले गए टूर्नामेंट के 16वें मुकाबले में किया है।
वैष्णवी शर्मा का शानदार परफॉर्मेंस
यह मुकाबला आज 21 जनवरी को कुआलालंपुर के बयूमास ओवल मैदान में खेला गया। भारत ने मुकाबले में टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला किया। पहले बैटिंग के लिए उतरी मलेशिया की टीम 14.3 ओवरों में सिर्फ 31 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस दौरान भारतीय टीम की ओर से शानदार गेंदबाजी हुई। वैष्णवी शर्मा ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए, जिसमें हैट्रिक भी शामिल रही। वैष्णवी ने पहली पारी के 14वें ओवर में हैट्रिक लेने का कमाल किया। इसी के साथ वैष्णवी को उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
वैष्णवी के हैट्रिक वाले ओवर की पहली गेंद डॉट रही। इसके बाद अगली तीन गेंदों पर उन्होंने नूर ऐन बिंटी रोस्लान (03), नूर इस्मा दानिया (00) और सती नजवाह (00) को पवेलियन भेज दिया।
किसने कितने विकेट चटकाए
भारत के लिए वैष्णवी शर्मा ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए। इसके अलावा आयुषी शुक्ला ने 3 और जोशिता वी जे ने 1 विकेट अपने नाम किया। भारत ने लक्ष्य सिर्फ 2.5 ओवरों में हासिल कर लिया। गोंगाडी तृषा ने 27 रन बनाए और धमाकेदार जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारत ग्रुप ए में टॉप पर बरकरार है। अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला 23 जनवरी को श्रीलंका से होगा।
Leave a comment