दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर बने एसबीके सिंह, संजय अरोड़ा की लेंगे जगह

Delhi Police Commissioner:दिल्ली पुलिस को नया कप्तान मिल गया है। एसबीके सिंह को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वे संजय अरोड़ा का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 31 जुलाई 2025 को समाप्त होने जा रहा है। लंबे समय से यह कयास लगाए जा रहे थे कि अगला कमिश्नर बाहरी राज्य से आएगा या दिल्ली-यूटी काडर से।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ एसबीके सिंह की नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। आपको बता दें कि एजीएमयूटी कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह वर्तमान में होमगार्ड के महानिदेशक के पद पर तैनात हैं।
संजय अरोड़ा की लेंगे जगह
तमिलनाडु कैडर के 1988 बैच के आईपीएस' संजय अरोड़ा आज दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद से रिटायर हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस के इतिहास में संजय अरोड़ा, ऐसे तीसरे आईपीएस रहे हैं, जिन्होंने 'एजीएमयूटी' (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और यूनियन टेरेटरीज) कैडर से बाहर का पुलिस अधिकारी होने के बावजूद दिल्ली पुलिस की कमान संभाली।
खास बात है कि तीनों आईपीएस, भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार यानी एनडीए शासनकाल में ही दिल्ली पुलिस कमिश्नर बने हैं। सबसे पहले 1999 में अजय राज शर्मा, उसके बाद 2021 में राकेश अस्थाना और 2022 में संजय अरोड़ा को दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था।
संजय अरोड़ा के कार्यकाल में बड़े मामले
आईपीएस अधिकारी संजय अरोड़ा ने 1 अगस्त, 2022 को राकेश अस्थाना के बाद दिल्ली के पुलिस कप्तान का पदभार संभाला था। उनके कार्यकाल के दौरान, राजधानी में गैंगवार, जबरन वसूली की धमकियां, साइबर धोखाधड़ी, बम धमकी की घटनाएं, रोहिणी में दो विस्फोट, राजनीतिक नेताओं की गिरफ्तारी और श्रद्धा वाकर हत्याकांड जैसे मामले देखने को मिले।
Leave a comment