BPSC 70th Result: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में सारण जिले की बेटी अंकिता कुमारी ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। छपरा शहर के मौना मोहल्ला की रहने वाली अंकिता ने परीक्षा में 272वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) पद के लिए हुआ है। उनकी सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
अंकिता का परिवार
अंकिता एक शिक्षित और प्रेरणादायक परिवार से संबंध रखती हैं। उनके दादा रसिक बिहारी सिंह प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके पिता अनिल कुमार सिंह भवन निर्माण विभाग में सहायक अभियंता के रूप में कार्यरत हैं। अंकिता की मां किरण देवी का पहले ही निधन हो चुका है। उनके नाना स्वर्गीय बिनदेश्वरी राय पौधा संरक्षण पदाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि उनके मामा राजन कुमार वर्तमान में छपरा जंक्शन पर स्टेशन अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही
अंकिता बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने वर्ष 2013 में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, छपरा से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2015 में राजेंद्र कॉलेज, छपरा से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने पटना का रुख किया और पटना वीमेंस कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण उन्हें कॉलेज का गोल्ड मेडल भी मिला।
पटना विश्वविद्यालय से परास्नातक
इसके बाद अंकिता ने पटना विश्वविद्यालय से परास्नातक की पढ़ाई पूरी की और सिल्वर मेडल प्राप्त किया। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने लगातार तीन बार यूजीसी-नेट (UGC-NET) परीक्षा भी पास की। इसके बावजूद उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाने का था, जिसे उन्होंने कड़ी मेहनत और समर्पण से पूरा किया।
परिवार को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता पर अंकिता ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी, मामा-मामी और शिक्षकों के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने बताया कि परिवार के सहयोग और गुरुओं के मार्गदर्शन ने उन्हें हर कठिन परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अंकिता की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का जज्बा रखते हैं। उनकी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Also read: भोजपुर मुठभेड़ विवाद के बाद पुलिस पर उठे सवाल, SHO समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित