RUSSIA UKRAINE WAR: एक तरफ बातचीत दूसरी तरफ बमबारी, रूस ने किया दुनिया को हैरान

RUSSIA UKRAINE WAR: एक तरफ बातचीत दूसरी तरफ बमबारी, रूस ने किया दुनिया को हैरान

नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच भीषण जंग जारी है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र संघ शांति की दिशा में पहल करता दिखाई दे रहा है। लेकिन ऐसा लग रहा कि रूस को शांति की दिशा में कदम उठाने में फिलहाल कोई दिलचस्पी नहीं है। ऐसा हम इसलिए कह रहे है क्योंकि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस के यूक्रेन दौरे के बीच रूसी सैनिकों ने गुरुवार को कीव समेत देश के एक बड़े हिस्से पर बमबारी की है।

बताया जा रहा है कि हमले में दो इमारतें ध्वस्त हो गईं जिसके बाद कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव कर्मियों ने कहा कि कीव पर हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि इसमें कई लोग जख्मी भी हुए हैं। इस बीच यूक्रेन के कई शहरों से धमाके की खबरें प्राप्त हुईं हैं। पोलिन, चेर्निहिव और फास्तिव में भी बमबारी हुई। वहीं, दक्षिणी यूक्रेन में ओडेसा के महापौर ने कहा कि वायु रक्षा प्रणाली ने रॉकेट के हमलों को नाकाम कर दिया।

रूसी सेना के इस हमले पर UN चीफ एंटोनियो गुटेरेस ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि कीव के रिहायशी इलाके पर रूसी मिसाइल हमले से वे हैरान हैं। ये हमला तब हुआ जब गुटेरेस कीव से कुछ दूरी पर स्थित छोटे शहरों में जंग से हुए नुकसान का सर्वे कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बूचा जैसे शहरों में किए गए नरसंहार की निंदा की। गौरतलब है कि बूचा से रूसी सेना के पीछे हटने के बाद सामूहिक हत्याओं के सबूत मिले थे। UN चीफ ने कहा कि जंग की कीमत किसी भी देश के आम नागरिकों को ही चुकानी पड़ती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रूस और यूक्रेन की जंग जल्द खत्म हो जाएगी।

यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने गुरुवार को कहा कि 21वीं शताब्दी में जंग को स्वीकार नहीं किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने युद्ध अपराधों के आरोपों की अंतरराष्ट्रीय अपराध अदालत (ICC) से जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग का भी समर्थन किया। उधर,सेंट पीटर्सबर्ग में बुधवार को रूसी सांसदों को संबोधित करते हुए व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि यूक्रेन जंग में बाहरी देशों का दखल बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाते हुए, ये भी कहा था कि पश्चिम देशों की वजह से यूक्रेन में ये हालात पैदा हुए हैं।

Leave a comment