
नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर और रैपर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से हर तरफ सनसनी फैल गई है।वहीं सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी पंजाब के टॉपमोस्ट गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के कनाडा बेस्ड साथी गोल्डी बराड़ ने ली है। जानकारी के मुताबिक सिद्धू मूसेवाला लंबे वक्त से लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग के निशाने पर थे। लेकिन सभी के मन में एक सवाल है कि आखिर क्यों सिद्धू मूसेवाला बिश्नोई गैंग के निशाने पर थे? ऐसा क्या था, जिसके कारण उनकी हत्या कर दी गई?
दरअसल गोल्डी बराड़ ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा। फेसबुक पर शेयर किए गए पोस्ट में गोल्डी बराड़ ले लिखा था, 'आज मूसेवाला की पंजाब में हत्या कर दी गई। मैं, सचिन बिश्नोई, लॉरेंस बिश्नोई इसकी जिम्मेदारी लेते हैं। यह हमारा काम है। मूसेवाला का नाम हमारे भाई विक्रमजीत सिंह मिदूखेरा और गुरलाल बराड़ की हत्या में सामने आया था। लेकिन पंजाब पुलिस ने मूसेवाला के खिलाफ कोई ऐक्शन नहीं लिया। हमें यह भी पता चला कि सिद्धू मूसेवाला हमारे असोसिएट अंकित के एनकाउंटर में भी शामिल था। मूसेवाला हमारे खिलाफ काम कर रहा था। दिल्ली पुलिस ने भी उसका नाम लिया था, लेकिन मूसेवाला ने अपनी पॉलिटिकल पावर का इस्तेमाल कर हर बार खुद को बचा लिया।'
आपको बता दें कि यूथ अकाली दल के नेता विक्रमजीत मिदूखेरा की 7 अगस्त 2021 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसका आरोप सिद्धू मूसेवाला पर लगा और कहा गया कि मूसेवाला ने इस हत्या को अंजाम देने की जिम्मेदारी अपने मैनेजर शगुनप्रीत सिंह को दी थी। शगुनप्रीत ने इस हत्या के लिए कथित तौर पर कौशल गैंग के लोगों को हायर किया था। इसके बाद से जहां शगुनप्रीत सिंह फरार हो गया। बाद में कौशल गैंग के मेंबर्स को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसी वक्त से सिद्धू मूसेवाला गोल्डी बराड़ा और बिश्वनोई गैंग के राडार पर थे।
Leave a comment